Big Breaking: बीजापुर में फोर्स को नक्सलियों का खजाना मिला, नक्सल डंप में 4.29 करोड़ का सोना बरामद, 24.22 लाख कैश भी मिला

Chhattisgarh Crimes युमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। बस्तर से नक्सलवाद का खात्मा होने के बाद लगातार सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिल रही है। बीजापुर के इंद्रावती नदी और जंगल के पास फोर्स ने सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान चलाया। इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों के जवानों को भारी मात्रा में नक्सल डंप मिला है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोना और कैश बरामद किया है. 28 नवंबर को यह नक्सल डंप मिला है।

डीआरजी और बीडीएस टीम के संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने हेवी नक्सल डंप बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए स्टील के डिब्बे से 3.84 किलोग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है, तथा 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने का इनपुट मिला था। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में डीआरजी, भैरमगढ़ पुलिस और बीडीएस टीम को रवाना किया गया। अभियान के दौरान बीडीएस टीम द्वारा डिमाइनिंग एवं तलाशी की कार्रवाई में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद हुआ।

डिब्बे की जांच में 33 सोने के बिस्किट मिले, जिनका कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम बताया गया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। इसके साथ ही टेप से लिपटे पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं- उमेश प्रसाद गुप्ता, एसपी, बीजापुर

Exit mobile version