दुर्ग जिले के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपने नाम कराने के आरोप में उतई पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के ग्राम डुण्डेरा में पैतृक कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपने नाम कराने के आरोप में उतई पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिवकुमार साहू, उसकी पत्नी सीमा साहू और कौशल कुमार साहू शामिल हैं।

शिकायतकर्ता पन्नालाल साहू का आरोप है कि, आरोपियों ने उनके पिता बोधीराम साहू के फर्जी हस्ताक्षर कर इकरारनामा और बिक्री नामा तैयार किया। इसके आधार पर जमीन सीमा साहू के नाम रजिस्टर्ड करा दी गई।

पिता ने जमीन बेचने का कोई सौदा नहीं किया था

पन्नालाल साहू ने 10 नवंबर 2026 को दुर्ग एसएसपी के सामने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनके पिता बोधीराम साहू भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। ग्राम डुण्डेरा में उनके नाम छह खसरों की कृषि भूमि दर्ज थी।

परिवार का कहना है कि बोधीराम साहू ने शिवकुमार साहू या उसकी पत्नी के साथ जमीन बेचने का कोई सौदा नहीं किया था। इसके बावजूद जमीन उनके नाम से दूसरे के नाम करा दी गई।

इकरारनामा और बिक्री नामा में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर 2022 को 60 रुपए के स्टाम्प पेपर पर बोधीराम साहू के नाम से इकरारनामा तैयार किया गया। इसमें कौशल साहू और सुमनलाल साहू को गवाह बनाया गया था। इसके बाद 18 नवंबर 2022 को 50 रुपए के स्टाम्प पेपर पर बिक्री नामा तैयार किया गया।

आरोप है कि दोनों दस्तावेजों में बोधीराम साहू के फर्जी हस्ताक्षर किए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इकरारनामा के लिए स्टाम्प पेपर रोहित साहू के माध्यम से खरीदा गया था।

आरोप है कि शिवकुमार साहू ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दस्तावेज तैयार कराए और जमीन पत्नी सीमा साहू के नाम कराने की प्रक्रिया पूरी की।

हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की रिपोर्ट में हस्ताक्षर मेल नहीं खाए

पन्नालाल साहू ने दोनों दस्तावेजों की जांच रायपुर के हैंडराइटिंग एक्सपर्ट डॉ. एसके ढेंगे से कराई। 5 नवंबर 2026 को मिली रिपोर्ट में बताया गया कि इकरारनामा और बिक्री नामा पर दर्ज हस्ताक्षर बोधीराम साहू के नहीं हैं। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

छह खसरों की जमीन को लेकर विवाद

शिकायत के अनुसार, बोधीराम साहू के नाम ग्राम डुण्डेरा में खसरा नंबर 279/1, 1079, 1080/2, 1081, 1352 और 1412/1 की कृषि भूमि दर्ज थी। परिवार का दावा है कि वे लंबे समय से इस जमीन पर काबिज थे। पन्नालाल और उनके भाई अरुण कुमार साहू दोनों शासकीय सेवा में शिक्षक हैं।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांच के बाद उतई थाने में अपराध क्रमांक 568/2026 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि में केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने शिवकुमार साहू, सीमा साहू और कौशल कुमार साहू को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने शिवकुमार साहू से 18 नवंबर 2022 के बिक्री नामा का ई-स्टाम्प सर्टिफिकेट और 24 सितंबर 2022 के इकरारनामा का मूल स्टाम्प पेपर जब्त किया है। वहीं, सीमा साहू से 14 फरवरी 2023 का ई-स्टाम्प पेपर और रजिस्ट्री पत्रक की मूल प्रति जब्त की गई। शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए 43 पन्नों के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

शिकायत में पांच नाम, तीन की गिरफ्तारी

पन्नालाल साहू ने अपनी शिकायत में शिवकुमार साहू, सीमा साहू, रोहित साहू, कौशल साहू और सुमनलाल साहू के नाम दिए थे। हालांकि, पुलिस की 27 नवंबर की प्रेस विज्ञप्ति में केवल शिवकुमार, सीमा और कौशल की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। बाकी दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई है।

Exit mobile version