रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ उत्तर जोन पुलिस ने कार्रवाई की है

Chhattisgarh Crimesरायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ उत्तर जोन पुलिस ने कार्रवाई की है। उरला और खमतराई इलाके में पुलिस ने एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर जांच और छापेमारी की।

इस दौरान 10 कबाड़ियों के यहां से करीब 8 टन कबाड़ जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त माल के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिले हैं।

यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर की गई। पुलिस टीमों ने कबाड़ियों के ठिकानों पर पहुंचकर वहां रखे स्क्रैप और खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।

उरला में 6 और खमतराई में 4 कबाड़ियों से जब्ती

पुलिस के मुताबिक, उरला थाना क्षेत्र में 8 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई। इनमें से 6 के यहां से कबाड़ जब्त किया गया।

वहीं, खमतराई थाना क्षेत्र में 12 कबाड़ियों के ठिकानों पर जांच की गई, जिनमें से 4 के यहां से माल मिला। इस तरह कुल 10 कबाड़ियों से करीब 8 टन कबाड़ जब्त किया गया।

खरीदी-बिक्री के दस्तावेजों की जांच जारी

पुलिस अब कबाड़ कारोबारियों से स्क्रैप की खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर और लाइसेंस की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त कबाड़ कहां से खरीदा गया था।

पुलिस का कहना है कि जांच में चोरी का माल खरीदने या अवैध कारोबार में शामिल होने की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत की गई है। उत्तर जोन पुलिस ने अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Exit mobile version