बिलासपुर में 50 फीट ऊंची 4 मंजिला इमारत के नीचे पड़ा हुआ मिला मैकेनिक का शव

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। बिलासपुर में एक मैकेनिक का शव करीब 50 फीट ऊंची 4 मंजिला इमारत के नीचे पड़ा हुआ मिला है। मैकेनिक इमारत की छत पर अपने परिवार के साथ रविवार रात सोया हुआ था। अगले दिन सोमवार को परिजन सोकर उठे तो उन्हें मैकेनिक की मौत का पता चला। हालांकि परिजनों का कहना है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकता। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

अशोक नगर सरस्वती शिशु मंदिर के पास चार मंजिला अटल आवास है। यहां अलग-अलग परिवार के लोग रहते हैं। क्वार्टर नंबर 16 में विकास शर्मा पिता स्व. रतन शर्मा (40) भी रहता था। उसके साथ उसकी पत्नी अनीता शर्मा और बच्चे रहते हैं। विकास अटल आवास के पास ही गैरेज चलाता था।

बताया जा रहा है कि गर्मी की वजह से वह पत्नी और बच्चों के साथ रात में चार मंजिला इमारत के ऊपर छत पर सो रहा था। इस दौरान उसकी बुआ बीना पांडेय भी सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि रात में वह छत से कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिजनों की नींद खुली, तब वह गायब मिला। बाद में करीब आठ बजे उसकी लाश मकान के पीछे तरफ मिली।

सुबह उसकी पत्नी व बच्चों की नींद खुली, तब सब नीचे आ गए। उस समय उन्हें लगा कि विकास उठकर नीचे चला गया होगा। वह नीचे घर में भी नहीं था। तब भी परिजन को उसकी मौत की जानकारी नहीं थी। बाद में सुबह होने के बाद आसपास के लोगों ने चार मंजिला मकान के पीछे उसकी खून से लथपथ लाश देखी और परिजन के साथ ही पुलिस को सूचना दी।

मामले की जांच करने पहुंचे हवलदार हरनारायण पाठक ने बताया कि युवक रात में परिजन के साथ सो रहा था। चार मंजिला मकान का छत करीब 50 फीट है। परिजन से पूछताछ में युवक के आत्महत्या की बात सामने नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तड़के विकास नींद में शौच के लिए गया होगा और छत से गिर गया होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।