वहीं, रंगोत्सव पर्व पर दो पक्षों में विवाद के दौरान युवक पर चाकू से हमला कर दिया। एक अन्य घटना में गाली देने से मना करने पर युवक पर हंसिया से वार कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। घटना तखतपुर और पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
तोरवा क्षेत्र के बॉम्बे आवास के पास होली पर्व पर बदमाशों ने प्रधान आरक्षक पर पथराव कर दिया। उन्होंने इस घटना की जानकारी पेट्रोलिंग टीम को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बदमाशों को पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें थाने लाया गया।बदमाशों ने किया हुड़दंग, पुलिसकर्मियों से भी की बदसलूकी
दूसरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। शुक्रवार की शाम पेट्रोलिंग गाड़ी में तैनात आरक्षक के साथ महिला आरक्षक गोलबाजार पहुंचे तो कुछ असामाजिक तत्व नशे में उपद्रव कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने बदमाशों को पहले समझाइश दी। लेकिन, आरोपी पुलिसकर्मियों से ही उलझकर बहसबाजी करने लगे। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने अतिरिक्त बल बुलाया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों से हुज्जतबाजी शुरू कर दी।
SP के निर्देश पर केस दर्ज
दरअसल, होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरे दिन ड्यूटी पर तैनात रहे। इस दौरान कुछ जगहों पर पुलिसकर्मियों को बदमाशों का सामना भी करना पड़ा। लिहाजा, पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए बदमाशों को पकड़कर हवालात में बंद कर दिया। लेकिन, थानेदार सहित पुलिस अफसर मामले में केस दर्ज करने से कतराते रहे।
कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराने के लिए पुलिसकर्मी को ही मशक्कत करनी पड़ी और घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि, एसपी रजनेश सिंह को मामले की जानकारी हुई, तब उन्होंने सख्ती दिखाते हुए बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
दो पक्षों के विवाद में चला चाकू
तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करनकापा-खमरिया में दो पक्ष होली खेल रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते उनके बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। उनके बीच विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने दूसरे पक्ष के युवक पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे युवक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। बाद में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
चाकूबाजी की खबर मिलते ही पुलिस के साथ ही थाना प्रभारी देवेश राठौर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि चाकूबाजों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
गाली देने से मना करने पर हंसिया से हमला
इसी तरह पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम बेल्हा में भी होली पर्व के दौरान विवाद हो गया। यहां रहने वाले सुनील बंजारे, जो अपने पिता के साथ किराना दुकान चलाता है। दोपहर में वो धनेश लहरे के घर के पास बैठा था। इसी दौरान गोपाल चतुर्वेदी वहां आया। उसने बिना किसी वजह के उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
सुनील के मना करने पर गोपाल अपने घर से हंसिया लेकर आ गया। फिर सुनील की गर्दन पर वार कर दिया। इस हमले में सुनील घायल हो गया। जिसके बाद उसे केस दर्ज कराने पर आरोपी युवक ने जान से मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।