3 घंटे सड़क जाम करके बैठ गए भाजपाई, कांग्रेस नेता को आयोजन की अनुमति पर विवाद

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। रायपुर में शुक्रवार की दोपहर शंकर नगर इलाके में भाजपा नेताओं ने हंगामा कर दिया। सड़क जाम कर संजय श्रीवास्तव और जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी बैठ गए। इनके समर्थक नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ा ताे मौके पर पुलिस भी पहुंची। नेताओं को हटाने का प्रयास किया गया मगर वो नहीं हटे। 3 घंटे तक यूं ही नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन चलता रहा।

ये सारा विवाद BTI मैदान में दुर्गा पूजा, गरबा और दशहरा कार्यक्रम को लेकर है। यहां कांग्रेस नेता राकेश धोतरे कार्यक्रम कर रहे हैं। भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव गुट भी इसी मैदान में कार्यक्रम करने पर आमादा है। चूंकि धोतरे कांग्रेस नेता हैं, इसलिए अब दोनो गुटों में ठन गई है। प्रशासन ने मैदान के आधे-आधे हिस्से में कार्यक्रम की अनुमति दे दी। इसी का विरोध करने शुक्रवार को भाजपा नेता सड़क पर बैठ गए।

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि हम यहां बीते 74 सालों से दशहरा और 20 सालों से गरबा का आयोजन करवा रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से अफसरों पर दबाव बनाकर राकेश धोतरे जबरन मैदान में कब्जा कर रहे हैं ये जायज नहीं। हम आधे-आधे मैदान में कार्यक्रम करने पर संतुष्ट नहीं है। आज इसी वजह से विरोध जताया है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद भाजपा नेता सड़क से हटे।

सड़क खुली है जो करना है करें

दूसरी तरफ इस मामले में अपने बयान में राकेश धोतरे ने कहा है कि उन्होंने न तो कब्जा किया न ही अफसरों पर कोई दबाव बनाया। बल्कि आधे-आधे मैदान की बात पर राजी हैं, विवाद करने वाले लोगा भाजपा के हैं। सड़क पर विरोध प्रदर्शन पर धोतरे बोले कि सड़क खुली है जो चाहे करें। हम अपना कार्यक्रम BTI मैदान में करेंगे।

Exit mobile version