बौद्ध धर्म अहिंसा और शांति का संदेश, धर्म चक्र दिवस पर बोले प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ, धर्म चक्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि बौद्ध धर्म लोगों को आदर करना सिखाता है। लोगों के लिए आदर करना, गरीबों के लिए आदर रखना, महिलाओं को आदर देना। शांति और अहिंसा का आदर करना। इसलिए बुद्ध द्वारा दी गई सीख आज भी प्रसांगिक है। इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सुबह 9 बजे के करीब राष्ट्रपति भवन में धर्म चक्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्घाटन किया, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आयोजित धर्म चक्र दिवस समारोह को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तेज तर्रार युवा मन वैश्विक समस्याओं का हल लेकर आ रहा है। भारत के पास सबसे बड़ा स्टार्ट अप ईको-सिस्टम है। मैं अपने युवा दोस्तों से भी अपील करूंगा कि वो बुद्ध के विचारों से जुड़ें। वे खुद भी उनसे मोटिवेट हों और दूसरों को भी आगे का रास्ता दिखाएं। आज विश्व मुश्किल हालातों का सामना कर रहा है। इन सभी चुनौतियों का समाधान गौतम बुद्ध के विचारों से किया जा सकता है। ये पहले भी प्रसांगिक थे। अभी भी हैं और आगे भी रहेंगे।