भाजपा के हुए कैप्टन, अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी का भी किया विलय

Chhattisgarh Crimes

चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा के साथ विलय कर दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, किरण रिजिजू, भाजपा नेता सुनील जाखड़ और भाजपा के पंजाब मुखिया अश्विनी शर्मा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें बुके देकर और माला पहनाकर स्वागत किया। पूर्व कांग्रेसी और पंजाब एसेंबली के डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी ने भी भाजपा ज्वॉइन कर लिया।

इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर का भाजपा में आना, इसके मायने हैं कि पंजाब में शांति और सुरक्षा के पक्षधर हैं। तोमर ने कहा कि उनके आने से भारतीय जनता पार्टी का ताकत बढ़ेगी और पंजाब में विकास के लिए ऐतिहासिक कदम होगा। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें हमेशा गर्व से कहा जाता रहा है कि सबसे पहले राष्ट्र और दूसरे नंबर पर पार्टी। इस सिद्धांत को कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ने हमेशा अपने जीवन में अपनाया। इसी का परिणाम है कि आज हम सब लोग साथ-साथ हैं।