
21 व 22 को 43 किलोमीटर का सफर तय करेगी
रायपुर। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी में भारत की पहली चलित अखण्ड रामायण पाठ का भव्य आयोजन कुछ फर्ज हमारा भी संस्था द्वारा किया जा रहा है।
वृंदावन की प्रसिद्ध संगीतमय रामायण मंडली द्वारा अखण्ड पाठ किया जाएगा जिसमेंं छत्तीसगढ़ के भी 6 लोग हिस्सा लेंगे। वहीं दिल्ली से बाहुबली श्री हनुमान, वानर सेना व राम, लक्ष्मण, सीता की मनमोहक प्रस्तुति का चलित लाइव शो किया जाएगा। 10-12 गाडिय़ों में अलग-अलग श्रीराम से संबंधित झांकियां राजनांदगांव के कलाकारों द्वारा दर्शाया जाएगा। यह आयोजन 21 व 22 जनवरी को किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार देश में पहली बार इस तरह का अनोखा आयोजन किया जा रहा है जिसका अनुभव लेने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्सुकता देखी जा रही है। जिसके लिए रास्ते में पडऩे वाले चौक-चौराहों व प्रमुख सोसायटी जिनमें स्वर्ण भूमि, सृष्टि प्लाजो, आनंदम सिटी, चौबे कालोनी, मारूति लाइफ स्टाइल में धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों द्वारा अपने-अपने स्तर पर चलित अखण्ड रामायण के स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही है।
*चलित रामायण का रूट चार्ट*
21 जनवरी को सुबह 9 बजे श्रीराम मंदिर वीआईपी रोड से प्रारंभ होकर तेलीबांधा, अवंती विहार, खम्हारडीह, विधानसभा, मोवा, पंडरी, पुराना बस स्टैण्ड, मरहीमाता मंदिर, फाफाडीह चौक, स्टेशन, तेलघानी नाका से होकर राठौर चौंक तक वहीं रात्रि पड़ाव के बाद 22 जनवरी को पुन: रामसागर पारा, अग्रसेन चौक, समता कालोनी, चौबे कालोनी, राजकुमार कॉलेज, मोहबा बाजार, कोटा रोड, सुयश हॉस्पिटल, भारत माता चौक, गुढिय़ारी मारूति मंगलम के पास स्थित हनुमान मंदिर में दोपहर 1 बजे समापन होगा। रायपुर मेंं 43 किलोमीटर का सफर दो दिनों में तय करेगी.
संस्था का मूलभूत उद्देश्य
विगत 5 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य व भोजन वितरण के क्षेत्र में नि:स्वार्थ भाव से लोगों की सेवा कर लगभग 3 लाख 40 हजार लोगों तक राहत पहुंचाई जा चुकी है। कुछ फर्ज है हमारा संस्था द्वारा निर्धन बालिकाओं को नि:शुल्क कम्प्युटर ट्रेनिंग जिसमें कम्प्युटर की प्राथमिक जानकारी, टैली, एमएस आफिस ट्रेनिंग के साथ अन्य सुविधाएं भी मुहैया कराया जा रहा है। वहीं विक्षिप्त लोगों के इलाज के साथ उनकी जरूरतों व देखरेख को मद्देनजर रखते हुए बाल कटवाना, सेविंग करवाना, नाखुन कटवाना, कपड़े-चादरें, कम्बल देने के अलावा उनकी बेहतर जिंदगी के लिए आश्रमों में भी हस्तनांतरित किया जाता है। संस्था द्वारा पोस्टर निकालो अभियान सहित अन्य कई सामाजिक, धार्मिक अनुष्ठानों में भी अपनी सहभागिता निभाई है जिसके चलते कई राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।
संस्था का उद्देश्य
अयोध्या में श्री राम की जन्म भूमि पर 500 वर्षों बाद भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है जिसकी प्राण प्रतिष्ठा समारोह को देखने हर कोई व्यक्ति का सपना है। किन्तु व्यवस्था के चलते सीमित लोगों को अनुमति दी गई है। जिसे देखते हुए पूरे विश्व में 22 जनवरी को कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी में हमारी संस्था की एक छोटी की पहल है कि हम उस दीपावली उत्सव को अपने चलित रामायण अखण्ड पाठ के जरिए यहां के लोगों को दर्शन कराएं।