चेन्नई 10वीं बार फाइनल में, 15 रन से हारी गुजरात

Chhattisgarh Crimes

चेन्नई। चेन्नई सुपरकिंग्स IPL 2023 के फाइनल में पहुंच गई है। चेन्नई ने मंगलवार को होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में हुए क्वालिफायर-1 मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस को 15 रन से हरा दिया।

महेंद्र सिंह धोनी की टीम ने सबसे ज्यादा 10वीं बार IPL फाइनल में जगह बनाई है। खिताबी मुकाबला 29 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस मैच में हार के बावजूद गुजरात की टीम फाइनल की रेस में बरकरार है। गुजरात को अब बुधवार को होने वाले एलिमिनिटेर-1 की विजेता टीम से खेलना होगा। इस एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होना है।

गुजरात के बल्लेबाज हुए फेल

इस मैच में गुजरात की टीम के बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। ओपनिंग करने उतरे शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। वहीं उनका साथ देने आए ऋद्धिमान साहा ने सिर्फ 12 रन बनाए। इसके बाद कप्तान हार्दिक 8, दासुन शनाका 17, डेविड मिलर 4, विजय शंकर 14 और राहुल तेवतिया 3 रन बना पाए। अंत में राशिद खान ने 30 रन की पारी खेल गुजरात को 150 के पार पहुंचाया। सीएसके की ओर से महेश थीक्षाना, रवींद्र जडेजा, मथिसा पथिराना और दीपर चाहर ने 2-2 विकेट लिए।

सीएसके ने बनाए 172 रन

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की टीम ने 7 विकेट खोकर 172 रन बनाए। सीएसके के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे रुतुराज गायकवाड़ ने 44 गेंदों पर 60 रन बनाए। इसके अलावा डेवन कॉन्वे के बैट से भी 40 रनों की पारी आई। वहीं 17-17 रन अजिंक्य रहाणे और अंबाती रायुडू ने बनाए। इसके अलावा अंत में 22 रनों की पारी रवींद्र जडेजा ने खेली। गुजरात की ओर से मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।

Exit mobile version