छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

इसके बाद शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपए भी लिए और शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के बाद पुसौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक सोमवार को 19 वर्षीय युवती ने थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव (24) के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि साल 2025 में अनिल ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी।

युवती ने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत होने लगी। इसी दौरान अनिल ने युवती से प्रेम का इजहार किया और उससे शादी करने और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।

होटल ले जाकर किया रेप

युवती के मुताबिक 15 अक्टूबर 2025 को अनिल ने उसे पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।

युवती ने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने मई 2026 तक अलग-अलग जगहों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती शादी के लिए दबाव बनाती थी, तो अनिल उससे विवाद कर उसे भगा देता था।

शादी की तैयारी के नाम पर 45 हजार लिए

युवती ने पुलिस को बताया कि अनिल ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपए भी लिए थे। बाद में उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जब युवती ने रकम वापस मांगी, तो अनिल गाली-गलौज करने लगा और मारपीट की धमकी दी।

इसके बाद युवती को समझ आया कि अनिल उससे शादी नहीं करेगा। उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी और उनकी सलाह पर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा

शिकायत के बाद पुसौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने महिला पुलिस अधिकारी से युवती का कथन दर्ज कराया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version