राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक युवती ने मुस्लिम युवक पर नाम बदलकर दोस्ती करने और शादी करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता पंडरी थाने पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
अब पढ़े क्या है पूरा मामला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब 6 साल पहले उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी।
युवक ने अपना नाम सोनू बताया था। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में शादी हो गई। युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम सुफरान है।
शिकायत में युवती ने बताया कि शादी के बाद वह करीब एक साल तक पंडरी स्थित युवक के घर में उसकी नानी और बहनों के साथ रही।
इस दौरान वह गर्भवती हुई और उसने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता का आरोप है कि बाद में सुफरान शेख हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल चला गया और एक साल से अधिक समय तक जेल में रहा।
युवती का कहना है कि जेल से बाहर आने के बाद युवक ने बच्चे को अपने पास रख लिया और उसे वापस नहीं दे रहा है। इसी मामले को लेकर वह शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची।
परिजनों ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, युवक के परिजनों ने युवती के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने युवती को परिवार के सदस्य की तरह स्वीकार किया था।
परिजनों का दावा है कि युवक के जेल जाने के बाद युवती ने खुद आधार केंद्र जाकर अपना नाम बदलवाया था।
मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ समय के लिए थाने में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पंडरी पुलिस ने शुरू की जांच
पंडरी थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।