सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठियां भी बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम गौरीपुर निवासी मटुकधारी यादव ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम कंचनपुर निवासी रविन्द्र रजक उनकी दुकान पर पेट्रोल के उधार पैसे लेने आया था।

पुरानी रंजिश में किया हमला

इसी दौरान लक्ष्मण यादव, संदीप यादव, जमुना प्रसाद यादव और कमलेश यादव लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर रविन्द्र रजक पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

हमले में रविन्द्र रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

चारों आरोपी गिरफ्तार, लाठियां जब्त

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने हमला करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठियां जब्त की गईं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।