
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मकई गार्डन से विद्युत विभाग कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में लालटेन और बढ़े हुए बिजली बिलों की मालाएं थीं। उन्होंने बिजली बिल बढ़ाने, लो वोल्टेज और बिजली कटौती के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन को देखते हुए विद्युत विभाग कार्यालय के सामने पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और बिजली की समस्याओं को लेकर नारे लगाए।
बिजली बिल को बताया ‘गले की फांस’
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक तरीके से बढ़े हुए बिजली बिलों को गले में लटकाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बिजली का बिल आम लोगों के लिए गले की फांस बन गया है। कार्यकर्ताओं का दावा है कि जिन उपभोक्ताओं का पहले करीब 300 रुपए बिल आता था, उनका बिल अब बढ़कर 2500 रुपए तक पहुंच गया है।
400 यूनिट तक बिल हाफ करने की मांग
युवा कांग्रेस ने मांग की कि पहले की तरह 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने की सुविधा फिर से शुरू की जाए। इसके साथ ही लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई।
स्मार्ट मीटर और स्ट्रीट लाइट का भी विरोध
युवा कांग्रेस नेता प्रवीण साहू ने कहा कि प्रदर्शन स्मार्ट मीटर, शहर की बंद स्ट्रीट लाइट और लगातार बढ़ रहे बिजली बिल के विरोध में किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग मनमानी कर रहा है और अधिकारी-कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ ठीक व्यवहार नहीं करते।
मृत व्यक्ति के नाम पर स्मार्ट मीटर की सहमति का आरोप
प्रवीण साहू ने आरोप लगाया कि एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर स्मार्ट मीटर लगाने की सहमति के कागज पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसकी मौत 2011 में हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर 2025-26 में लगाए जाने शुरू हुए, जबकि संबंधित व्यक्ति की मौत 2011 में ही हो गई थी। साहू ने सवाल उठाया कि आखिर मृत व्यक्ति से स्मार्ट मीटर की सहमति कैसे ली गई।
अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें बढ़े बिजली बिलों में राहत देने, बिजली बिल हाफ करने, लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या दूर करने समेत उपभोक्ताओं की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
400 यूनिट को 200 यूनिट करने की मांग
विद्युत विभाग के अधिकारी भरत सिन्हा ने बताया कि युवा कांग्रेस की ओर से बिजली बिल हाफ करने और 400 यूनिट की सीमा को 200 यूनिट करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया है।