छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 16 साल की नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक जम्मू ले गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 16 साल की नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक जम्मू ले गया। वहां उसके साथ रेप करने का आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, 18 फरवरी को नाबालिग लड़की अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की। इसी दौरान संदेही युवक आयुष केंवट (22), निवासी बिलाईगढ़, के साथ उसके जम्मू में होने की जानकारी मिली।

नाबालिग और संदेही युवक की तलाश के लिए पुलिस टीम जम्मू रवाना हुई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों जम्मू से वापस सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में आ चुके हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम नाबालिग के परिजनों के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ रवाना हुई और संदेही युवक के ठिकाने पर दबिश दी।

आरोपी के पास से नाबालिग बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से 16 साल के नाबालिग को सकुशल बरामद कर अपने संरक्षण में लिया। इसके बाद दोनों को पुसौर थाने लाया गया। नाबालिग का महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराया गया।

शादी का प्रलोभन देकर रेप का आरोप

बयान में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी आयुष केंवट उसे शादी का प्रलोभन देकर जम्मू ले गया था। वहां दोनों मजदूरी करते थे। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में BNS की धारा 64(2)(एम) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी। इसके बाद आरोपी आयुष केंवट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों पर होगी कार्रवाई

SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा और उनकी सकुशल वापसी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुमशुदगी की हर सूचना पर पुलिस संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। बच्चों को बहला-फुसलाकर ले जाने और उनके खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।