छत्तीसगढ़ में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक बारिश की एक्टिविटी कम रह सकती हैं। इसके बाद प्रदेश में बारिश फिर बढ़ने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अब तक प्रदेश में सामान्य से 5% कम बारिश दर्ज की गई है।

बिलासपुर में सोमवार शाम से बारिश हुई। इससे निचली बस्तियों में जलभराव हो गया। बारिश के साथ अरपा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया था। प्रशासन जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है।

तापमान की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.2°C रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2°C पेंड्रा रोड में रहा।