दुर्ग जिले में नशीली गोलियों की अवैध बिक्री को लेकर उतई थाना और एसीसीयू की टीम ने ग्राम डुण्डेरा में दबिश देकर नशीली टेबलेट बेचने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में नशीली गोलियों की अवैध बिक्री को लेकर उतई थाना और एसीसीयू की टीम ने ग्राम डुण्डेरा में दबिश देकर नशीली टेबलेट बेचने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को भी पुलिस ने कस्टडी में लिया है। आरोपियों के पास से 71 पत्तों में 1065 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट और बिक्री से मिले 3500 रुपए बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को उतई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम डुण्डेरा के गायत्री नगर में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा अपने साथियों के साथ नशीली टेबलेट बेच रहा है। सूचना के बाद उतई थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताए गए हुलिए के आधार पर केवेन्द्र पटेल और एक नाबालिग को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से नशीली टेबलेट मिली। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि ये टेबलेट मरोदा निवासी इब्राहिम अली खान, घनश्याम गुप्ता, देवेन्द्र निर्मलकर और जीतू नायक से खरीदकर बिक्री के लिए लाए थे। इसके बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें भी पकड़ लिया।

टेबलेट और कैश जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 71 पत्तों में 1065 अल्प्राजोलम टेबलेट और 3500 रुपए नकद जब्त किए हैं। बरामद टेबलेट को जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के पास भेजा गया था। जांच में टेबलेट प्रतिबंधित नशीली दवा होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने NDPS Act की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। आरोपी नशीली टेबलेट को अवैध तरीके से हासिल करते थे और फिर उन्हें बेचकर पैसा कमाते थे। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश की गई। इसी कार्रवाई में अलग-अलग जगहों से आरोपियों को पकड़ा गया।

इन्हें किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में केवेन्द्र पटेल उर्फ छोटा (27), जीतू नायक उर्फ पोटरा (19), इब्राहिम अली खान (46), देवेन्द्र निर्मलकर (24) और घनश्याम गुप्ता (30) को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक अपचारी बालक को भी विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

Exit mobile version