दुर्ग में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था शुरू होने जा रही है। अब जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा पर QR कोड लगाया जाएगा। इस QR कोड के जरिए वाहन को पुलिस के पास डिजिटल रूप से रजिस्टर किया जाएगा। इससे किसी घटना, विवाद या आपात स्थिति में पुलिस के लिए वाहन और चालक की पहचान करना आसान होगा।
यातायात पुलिस ने इसके लिए ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में पोर्टल की शुरुआत की। पुलिस के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक जिले के सभी ऑटो और ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
ऑटो में सफर करते समय यात्रियों को अक्सर चालक और वाहन की पूरी जानकारी नहीं होती। खासकर अनजान जगह से ऑटो लेने पर चालक की पहचान से जुड़ी जानकारी यात्री के पास नहीं होती। QR कोड वाली व्यवस्था के तहत हर ऑटो पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज रहेगा।
किसी घटना की स्थिति में पुलिस QR कोड के जरिए वाहन का रजिस्ट्रेशन और चालक से जुड़ी जानकारी आसानी से हासिल कर सकेगी। इससे वाहन की पहचान करने में लगने वाला समय कम होगा और जांच व कार्रवाई में पुलिस को मदद मिलेगी।
आपात स्थिति में भी काम आएगी व्यवस्था
मान लीजिए किसी यात्री का सामान ऑटो में छूट जाता है या ऑटो से जुड़ी कोई शिकायत करनी पड़ती है। ऐसी स्थिति में वाहन की सही पहचान करना जरूरी होता है। QR कोड के जरिए पंजीकृत ऑटो की जानकारी पुलिस के रिकॉर्ड में उपलब्ध रहेगी, जिससे वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी।
महिलाओं और अकेले सफर करने वाले यात्रियों के लिए भी यह व्यवस्था उपयोगी हो सकती है। खासकर रात के समय या अनजान इलाके में ऑटो लेने पर वाहन की जानकारी पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज होना सुरक्षा के लिहाज से मददगार साबित होगा।