कलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायत के बाद शास्त्री मार्केट के थोक सब्जी और फल कारोबारियों की दुकानों में नापतौल विभाग ने अचानक जांच की

Chhattisgarh Crimesकलेक्टर जनदर्शन में मिली शिकायत के बाद शास्त्री मार्केट के थोक सब्जी और फल कारोबारियों की दुकानों में नापतौल विभाग ने अचानक जांच की। जांच के दौरान कुछ इलेक्ट्रॉनिक तराजुओं में गड़बड़ी मिलने पर विभाग ने छह दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई।

नापतौल विभाग की टीम ने दुकानों में इस्तेमाल हो रहे इलेक्ट्रॉनिक तराजुओं और अन्य माप उपकरणों की जांच की। जांच में पाया गया कि कुछ दुकानदार बिना वैध सत्यापन और मुहर वाले तराजुओं का उपयोग कर रहे थे। इसके बाद उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए।

विभाग ने अन्य व्यापारियों को भी अपने बाट-माप और इलेक्ट्रॉनिक तराजुओं का समय पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। जिन दुकानदारों के उपकरणों का सत्यापन नहीं मिला, उन्हें वेरीफिकेशन कराने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

जांच आगे भी रहेगी जारी

अधिकारियों ने कहा कि ग्राहकों के हितों की सुरक्षा और सही नापतौल सुनिश्चित करने के लिए ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सहायक नियंत्रक आर.एस. सोरी, निरीक्षक उमेश्वरी जांगड़े, निरीक्षक जितेन्द्र कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version