छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में पुलिस की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बेमेतरा में पुलिस की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 7 में एक महिला ने घर के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। आरोप है कि मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने देविका साहू (44) को मृत समझकर कमरे में ताला लगा दिया और पंचनामा की कार्रवाई के लिए बाद में लौटने की बात कहकर चली गई।

इस दौरान पुलिस ने परिजनों को कमरे के अंदर जाने नहीं दिया। करीब 2 घंटे बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और कमरे का ताला खोला तो महिला की सांसें चल रही थीं। परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां महिला को ICU में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया।

मकान मालिक के मुताबिक, महिला कुछ समय से तबीयत खराब होने के कारण परेशान थी। वहीं, पड़ोसियों से घर में अनबन की बात भी सामने आई है। फिलहाल महिला ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की, इसका कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

बच्चे स्कूल से लौटे तो दरवाजा बंद मिला

जानकारी के मुताबिक महिला पिछले करीब 10 सालों से किराए के मकान में अपने 3 बच्चों के साथ रह रही है। उसका पति किसान है। गुरुवार को घटना के समय तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे महिला ने घर के अंदर रस्सी से फांसी लगाने की कोशिश की।

स्कूल से लौटे बच्चों ने दरवाजा बंद देखा तो उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।

महिला को मृत समझकर कमरे में लगा दिया ताला

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी। पुलिसकर्मियों ने महिला को मृत समझ लिया। इसके बाद कमरे में ताला लगा दिया गया और पंचनामा की कार्रवाई के लिए बाद में लौटने की बात कहकर थाने चले गए।

करीब 2 घंटे बाद पुलिसकर्मी पंचनामा की कार्रवाई के लिए दोबारा मौके पर पहुंचे। जब कमरे का ताला खोला गया तो महिला की सांसें चल रही थीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कह रही है मुझे मरने दो, मुझे मरने दो।

महिला को तत्काल निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे ICU में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, उसका इलाज जारी है।

Exit mobile version