सरगुजा जिले के केरजू क्षेत्र में नाबालिग छात्रा और एक युवती को दिल्ली में अच्छे पगार पर काम दिलाने का झांसा देकर दो युवक उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के केरजू क्षेत्र में नाबालिग छात्रा और एक युवती को दिल्ली में अच्छे पगार पर काम दिलाने का झांसा देकर दो युवक उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे। नाबालिग और युवती की तलाश कर रहे परिजनों ने उन्हें युवकों के साथ रायगढ़ में पकड़ा और पुलिस चौकी लेकर पहुंचे।

पुलिस ने मामले में मानव तस्करी और अपहरण की एफआईआर दर्ज की है। रायगढ़ जिले के दो युवकों को मामले में गिरफ्तार किया गया है। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम केरजू पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम ढोढ़ागांव की निवासी कक्षा दसवीं की छात्रा (16 वर्ष) और ग्राम सरगा की युवती अंतरा एक्का (19 वर्ष) दोनों 16 अगस्त से अपने घर से गायब थे। परिजन लगातार दोनों की खोजबीन कर रहे थे। इस बीच परिजनों को सूचना मिली कि युवती व नाबालिग छात्रा रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में देखी गई हैैं।

18 अगस्त को परिजन दोनों को खोजते हुए रायगढ़ के ग्राम केराकछार पहुंचे, जहां वे दो युवकों के साथ मिल गईं। दोनों युवक उसी दिन रायगढ़ से ट्रेन द्वारा दोनों को लेकर दिल्ली जाने वाले थे। परिजन छात्रा और युवती को लेकर वापस केरजू पहुंचे और केरजू पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले में केरजू पुलिस ने नाबालिग छात्रा और युवती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि सिहारजोर निवासी विद्याभूषण लकड़ा और कमोसिनडांड कापू निवासी देवलाल तिग्गा ने उन्हें दिल्ली में अच्छी पगार पर काम दिलाने के लिए कहा था।

दोनों के कहने पर नाबालिग छात्रा और युवती बिना किसी को कुछ बताये घर से निकल गए थे और उनके साथ चले गये। दोनों युवकों ने उन्हें अपने घरों में रखा था और दिल्ली लेकर जाने वाले थे।

मामले में छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ धारा 137(2), 143(1)(क), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।

केरजू पुलिस चौकी प्रभारी राजेश्वर महंत ने बताया कि दोनों आरोपियों को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।

Exit mobile version