
इसी दौरान चार साल का बच्चा पानी में फिसलकर गहरे हिस्से में चला गया। छोटे भाई को डूबता देख सात साल का बड़ा भाई उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी भक्त प्रहलाद पैकरा किसान हैं। गुरुवार शाम वह अपने दो बेटों दीपू पैकरा (7) और चींटू पैकरा (4) को लेकर तालाब के पास गए थे। बच्चों को तालाब किनारे छोड़कर वह कुछ दूर चले गए और मोबाइल पर बात करने लगे।
इसी दौरान तालाब किनारे खेल रहा 4 वर्षीय चींटू अचानक पानी में फिसल गया। वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। छोटे भाई को डूबता देखकर सात वर्षीय दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह भी पानी में डूब गया।
युवक ने बच्चों को डूबते देखा
घटना के दौरान एक युवक की नजर तालाब में डूब रहे दोनों बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
ग्रामीण और परिजन दोनों बच्चों को तत्काल पचपेड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार में मातम
घटना की सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।