रायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबे आदिल खान (24) का शव करीब 77 घंटे बाद पानी की सतह पर मिला

Chhattisgarh Crimesरायपुर के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबे आदिल खान (24) का शव करीब 77 घंटे बाद पानी की सतह पर मिला। 3 दिनों तक SDRF और NDRF की टीमें गहरे पानी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

शनिवार देर रात शव खुद पानी के ऊपर आ गया। घटना के बाद से परिजन लगातार मौके पर मौजूद थे और आदिल के मिलने का इंतजार कर रहे थे। बता दें कि प्रशासन ने इंडियन नेवी से भी मदद मांगी थी। इंडियन नेवी के ईस्टर्न कमांड की विशेष टीम रविवार को रायपुर पहुंचने वाली थी।

दोस्तों से लगी थी पानी के पार जाने की शर्त

जानकारी के मुताबिक, आदिल 19 अगस्त की शाम 3 दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी।

आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। तैरते हुए आदिल धीरे-धीरे गहरे हिस्से की तरफ चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। घटना का वीडियो भी सामने आया था।

ठंडे और गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन मुश्किल

आदिल के डूबने की सूचना के बाद माना थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। बाद में NDRF की टीम को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया।

टीमों ने कई घंटे तक पानी के अंदर सर्च किया, लेकिन आदिल का पता नहीं चल पाया। ब्लू वाटर की गहराई और पानी के अंदर कम तापमान के कारण गोताखोरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

करीब 3 दिन तक लगातार तलाश के बावजूद जब आदिल नहीं मिला तो परिजनों की चिंता बढ़ती गई। रेस्क्यू टीमें संभावित स्थानों पर लगातार सर्च करती रहीं। करीब 77 घंटे बाद शनिवार देर रात आदिल का शव पानी की सतह पर दिखाई दिया।

पहले भी हो चुके हैं हादसे

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं। यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 9 साल में 10 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित करने और पूरे इलाके में फेंसिंग कराने की बात कही गई है।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भी ब्लू वाटर क्षेत्र को प्रतिबंधित करने और सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराने की जानकारी दी है।

Exit mobile version