छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर ऑर्डर तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों में ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन, कसडोल के RMA रवि सेन, गिरौदपुरी के पूर्व सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल और BJP जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी शामिल हैं।

करण देवांगन ने तबादला कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया और पैसे दिए। रवि सेन ने करण और भाजपा नेताओं के बीच संपर्क कराया और तबादले की प्रक्रिया में साथ रहा।

BJP नेता पुनिराम पटेल ने तबादला कराने का आश्वासन दिया और करण की मुलाकात कृष्णा अवस्थी से कराई। खुद भी ऑनलाइन भुगतान लिया। इसके बाद कृष्णा अवस्थी ने तबादले के बदले 1 लाख रुपए की मांग की और सीएमएचओ के फर्जी हस्ताक्षर वाला तबादला आदेश तैयार करवाकर व्हाट्सऐप पर भेजा।

CMHO के जाली हस्ताक्षर से बनाया ट्रांसफर आदेश

मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ RMA करण कुमार देवांगन के कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश से जुड़ा है। आदेश में करण देवांगन का तबादला रोहांसी PHC से मोपरा PHC किया जाना बताया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दस्तावेज पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे।

17 अगस्त को फर्जी स्थानांतरण आदेश की एक कॉपी व्हाट्सऐप के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची। दस्तावेज की जांच कराई गई तो आदेश नकली पाया गया। इसके बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया।

मामला दर्ज होने से पहले लगाई जमानत की अर्जी

RMA ने पुलिस में मामला दर्ज होने से पहले ही जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी लगा दी थी। इसकी जानकारी पलारी पुलिस को हुई। मामले की पहले से जांच कर रही पुलिस ने SP गौरव राय के निर्देश पर केस दर्ज किया गया।

करीब 1 लाख रुपए के लेनदेन की जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में करीब 1 लाख रुपए के ऑनलाइन लेनदेन की बात भी सामने आई है। आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने पुनी राम पटेल के माध्यम से RMA करण देवांगन से संपर्क किया था। पुलिस अब लेनदेन और फर्जी आदेश तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।

पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि बीएमओ डॉ पंकज वर्मा की शिकायत के बाद जांच की गई, जिसमें चार आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने कृष्णा अवस्थी, पुनी राम पटेल, रवि सेन और करण देवांगन को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया

Exit mobile version