कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस ने एक ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमले के मामले में तारबाहर पुलिस ने एक ईनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 5 लाख रुपए की सुपारी के लालच में हत्या की नीयत से हमला किया था।

4 जुलाई की सुबह रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक के दौरान तीन नकाबपोशों ने श्याम कश्यप पर डंडे और नुकीली वस्तु से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।

4 जुलाई को सुबह करीब 7 बजे श्याम कश्यप रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे व नुकीली वस्तु से हमला कर फरार हो गए।

घटना के बाद श्याम कश्यप के बेटे शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

CCTV से बाइक तक पहुंची पुलिस

लंबे समय तक आरोपियों का सुराग नहीं मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में इस्तेमाल बाइक की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस को संदेहियों के संबंध में अहम सुराग मिले। पूछताछ में नितिन टेकाम और नाबालिग बालक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी और पेंड्रा निवासी साहिल सोनकर से जुड़े तारों की जांच शुरू की।

5 लाख रुपए के लालच में हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए 5 लाख रुपए देने का लालच दिया था। इसके बाद आरोपी साहिल सोनकर के साथ बजाज पल्सर बाइक से बिलासपुर आया था। आरोपियों ने दीपक तिवारी के इशारे पर मॉर्निंग वॉक पर निकले श्याम कश्यप पर हमला किया।

घर पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा

फरार आरोपी आंचल साहिल बोले उर्फ साहिल सोनकर की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके घर पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने वारदात से जुड़े घटनाक्रम का खुलासा किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा बरामद किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

परिवार ने मांगा गन लाइसेंस

हमले के बाद श्याम कश्यप का परिवार दहशत में है। उनके बेटे शिशिर कश्यप ने कलेक्टर को आवेदन देकर आत्मरक्षा के लिए गन लाइसेंस देने की मांग की है।

श्याम कश्यप ने बताया कि उनके बेटे शिशिर का उनके मामा नवीन पटेल से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने नवीन पटेल पर रंजिश रखने का आरोप लगाया है। साथ ही कॉम्प्लेक्स के मालिक गिरीश पांडेय पर भी संदेह जताया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version