
मौके पर पहुंची पुलिस ने गंदगी और झाड़ियों के बीच पड़े नवजात को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय लोगों को पुल के नीचे से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। लोगों ने आसपास तलाश की तो ह्यूम पाइप के बीच नवजात पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद नवजात को रतनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया।
हालत स्थिर, खतरे से बाहर
डॉक्टरों के अनुसार नवजात की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। अस्पताल में बच्चे की निगरानी की जा रही है।
CCTV और प्रसव रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
रतनपुर पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन और किस वाहन से छोड़कर गया।
पुलिस आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों, निजी नर्सिंग होम और मितानिनों से पिछले कुछ दिनों में हुए प्रसव का रिकॉर्ड भी जुटा रही है। इसके आधार पर बच्चे के माता-पिता तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।