
खाद्य सुरक्षा टीम ने मेसर्स महावीर स्वीट्स-नमकीन, मेन रोड भाठागांव से खोवा का सैंपल लिया। वहीं मेसर्स श्री सांई कृपा मां लक्ष्मी स्वीट्स, तरपोंगी तिल्दा से रबड़ी का सैंपल लिया गया। दोनों सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन के दौरान खोवा, रबड़ी, पनीर और दूध से बनी मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसी वजह से खाद्य विभाग ने इन उत्पादों की जांच पर फोकस किया है। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य मिलावट या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
वर्तमान कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई है। विभाग के अनुसार सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
खाद्य विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन के साथ पूरे त्योहारी सीजन में निरीक्षण और सैंपल लेने की कार्रवाई जारी रहेगी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी और जहां जरूरत होगी, वहां से सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।