सूरजपुर जिले में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चोर ने CCTV कैमरों से अपनी पहचान छिपाने के लिए चादर ओढ़कर घर में सेंध लगाई। हालांकि, उसकी पूरी हरकत कैमरे में कैद हो गई। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक ने खुद को सिर से पैर तक चादर से ढक रखा था। वह घर के पिछले हिस्से से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। चोरी से पहले आरोपी ने घर की रेकी और अंदर जाने की तैयारी भी कर रखी थी।आरोपी ने घर की बाउंड्रीवॉल के बाहर लगे एक पेड़ पर लकड़ी के बत्ते ठोककर सीढ़ीनुमा रास्ता बनाया था। इसके सहारे वह पेड़ पर चढ़ा और बाउंड्रीवॉल तक पहुंच गया। इसके बाद वह घर के अंदर दाखिल हुआ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

CCTV में कैद हुई पूरी हरकत

चादर से चेहरा छिपाने के बावजूद आरोपी की गतिविधियां CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस आरोपी की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद चोरी की पूरी घटना और आरोपी की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

लगातार चोरी से लोगों में चिंता

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रहवासियों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version