
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध गांजा लेकर फॉरेस्ट नाका धनपुंजी के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास निगरानी शुरू की तो मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार दो युवक वहां मिले। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवकों ने अपना नाम चुमन बघेल (20), निवासी ग्राम तुरपुरा पोड़ाईगुड़ा पारा, थाना भानपुरी और बेनूधर कश्यप (21), निवासी ग्राम कुम्हली, थाना भानपुरी बताया। पुलिस ने दोनों के कब्जे में रखे थैला, प्लास्टिक बोरी और बैग की तलाशी ली। इसमें कुल 24.545 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से रायपुर ले जा रहे थे
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा ओडिशा से लेकर रायपुर ले जाने की तैयारी में थे। नगरनार थाना पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) ii (ग).के तहत अपराध दर्ज किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 12.27 लाख रुपए है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
तस्करी रोकने के लिए बनाई गई है टीम
ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजे के अवैध परिवहन को रोकने के लिए नगरनार थाना स्तर पर टीम गठित की गई है।