सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसे में ग्राम बैकोना के 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। घटना के बाद गुस्साई ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बैकोना से प्रतापपुर की ओर जा रहे थे। बैकोना से कुछ दूरी पहले डायल-112 की टीम एक ट्रक को रोककर जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सीधे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इस घटना से पूरे बैकोना गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर वाहन रोककर जांच की जा रही थी, तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए। यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि, क्या डायल-112 टीम को नियमित वाहन चेकिंग के लिए वाहन रोकने का अधिकार है।
जांच में जुटी पुलिस
हालांकि, इस संबंध में पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।