छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत से नाराज होटल संचालक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर ग्राहक की पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बासी समोसा परोसे जाने की शिकायत से नाराज होटल संचालक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर ग्राहक की पिटाई कर दी। पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पर बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई।

मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़ित ग्राहक की शिकायत पर पुलिस ने होटल संचालक सहित कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तखतपुर थाना क्षेत्र का है।

पढ़िए सिलसिलेवार पूरी कहानी…

जानकारी के मुताबिक ग्राम मरका रहने वाले दीपक कुमार जायसवाल मंगलवार शाम अपनी बहन, जीजा, भांजी और छोटे भाई के साथ बिलासपुर से गांव लौट रहे थे। रास्ते में सभी तखतपुर बस स्टैंड स्थित सत्यम स्वीट्स में नाश्ता करने के लिए रुके। इस दौरान दीपक का छोटा भाई और भांजी नाश्ता कर रहे थे।

जबकि दीपक की बहन और जीजा कुछ देर के लिए बाजार चले गए। नाश्ता करते समय दीपक के छोटे भाई और भांजी ने समोसा खराब होने की शिकायत की। इसके बाद दीपक ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन से इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत पर संचालक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।

संचालक और साथियों ने की जमकर पिटाई

होटल संचालक के गाली-गलौज करने पर दीपक ने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद संचालक और उसके साथियों ने दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद और मारपीट होते देख दीपक की बहन मौके पर पहुंची और भाई को बचाने का प्रयास किया।

इस दौरान होटल संचालक और उसके साथियों ने उसकी बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की। मारपीट में दीपक के गले समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

मारपीट का CCTV वीडियो आया सामने

घटना के बाद दीपक ने तखतपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने होटल संचालक प्रकाश कुमार देवांगन और उसके साथियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।

जांच के दौरान पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी ली है। वीडियो में होटल संचालक और उसके साथी दीपक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।