रायगढ़ जिले में रक्षाबंधन पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में रक्षाबंधन पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आज बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी। शहर में जहां रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया जाएगा, वहीं जिला जेल में भी बंदियों को राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

जिला जेल में हर साल की तरह इस बार भी रक्षाबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांध सकेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सामान की जांच के बाद मिलेगा प्रवेश

जेल में राखी बांधने पहुंचने वाली बहनों के साथ लाए गए सामान की पूरी जांच की जाएगी। जांच के बाद ही सामान को जेल के अंदर ले जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही बहनों के नाम रजिस्टर में दर्ज किए जाएंगे।

निगरानी में बांधी जाएगी राखी

सभी बहनें जेल प्रशासन की निगरानी में अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधेंगी और उनका आशीर्वाद लेंगी। जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी की है।

सूखी मिठाई लाने की अपील

जेल प्रशासन ने बहनों से अपील की है कि वे भाइयों के लिए केवल सूखी मिठाई लेकर आएं। जेल में लाए जाने वाले सामान की जांच के बाद ही उसे अंदर ले जाने की अनुमति दी जाएगी।

शहर में भी धूमधाम से मनेगा रक्षाबंधन

रायगढ़ शहर में भी रक्षाबंधन को लेकर उत्साह है। बाजारों में राखी और मिठाइयों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। बहनें शुभ मुहूर्त में अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

Exit mobile version