
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि, पिछले साल भी रक्षाबंधन के मौके पर एक दिन के लिए पिंक पेट्रोलिंग शुरू की गई थी। इस साल भी इसे जारी रखा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार की ‘गुड़िया’ जिले के अलग-अलग हिस्सों में गश्त करेंगी और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी।
रक्षाबंधन से एक दिन पहले बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां राखी खरीदने के लिए बाजार पहुंचती हैं। वहीं, रक्षाबंधन के दिन परिवार मॉल, बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पिकनिक स्पॉट जैसी जगहों पर जाते हैं। इन स्थानों पर पिंक टीम की विशेष निगरानी रहेगी।
छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग पर नजर
पिंक पेट्रोलिंग टीम को बाजार, शॉपिंग मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गार्डन, पिकनिक स्पॉट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया जाएगा। टीम महिलाओं से छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के साथ असामाजिक तत्वों पर नजर रखेगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्र भी कवर होंगे
एसपी ने बताया कि पहले चरण में कुछ पेट्रोलिंग वाहनों को रवाना किया गया है। जरूरत के अनुसार बाद में और वाहन भी तैनात किए जाएंगे। शहर के साथ ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्रों में भी पुलिस की निगरानी रहेगी।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जिलेवासियों को त्योहारी सीजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से मिलजुलकर त्योहार मनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरबा पुलिस महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।