दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर खाना खाकर लौट रहे तीन दोस्तों का रास्ते में कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्त उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार चाकू देखकर वे भी पीछे हट गए।

खाना खाकर लौट रहे थे तीनों दोस्त जानकारी के मुताबिक रक्षाबंधन की रात धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद वापस लौट रहा था। तीनों चंडी मंदिर नयापारा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उनका सामना हुआ। किसी बात को लेकर पहले गाली-गलौज हुई और फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान धन्ना ने विरोध किया तो आरोपी उस पर टूट पड़े। पहले चाकू से हमला किया गया और इसके बाद पत्थर से भी वार किए गए। अचानक हुए हमले से धन्ना के दोनों दोस्त भी घबरा गए।

दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन चाकू देखकर पीछे हटे हमले के दौरान धन्ना के दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपियों के पास धारदार चाकू थे। इसी वजह से दोनों दोस्त अपनी जान के डर से ज्यादा आगे नहीं बढ़ सके। कुछ ही देर में आरोपी वहां से भाग निकले और धन्ना गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। इसके बाद उसके साथियों ने किसी तरह धन्ना को ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने तक धन्ना की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपियों से पूछताछ घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन बातों को लेकर विवाद हुआ था और हमले के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी।

Exit mobile version