बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से 55 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे चोरकाधोबा गेउर नदी में हुआ।

करीब 20 घंटे की तलाश के बाद शनिवार सुबह घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर नीचे शव बरामद किया गया।

ग्राम परसागुड़ी घुटरापारा निवासी चैतू (55), पिता रूकड़ अपने साथी बंशी के साथ परसागुड़ी से सिंगचौरा जा रहे थे। इसी दौरान चोरकाधोबा गेउर नदी पार करते समय चैतू अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। राजपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में उनकी तलाश शुरू की। शुक्रवार देर रात तक खोजबीन के बावजूद चैतू का पता नहीं चल सका।

शनिवार सुबह एक किमी नीचे मिला शव

पुलिस और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया। करीब 11 बजे नदी में घटनास्थल से एक किलोमीटर नीचे एक मोड़ के पास शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस पंचनामा की कार्रवाई कर रही है।

बारिश में नदी-नाले उफान पर

क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों को पार करने से बचें और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

Exit mobile version