रायपुर के सेजबहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेस-1 में बारिश के बाद जलभराव से रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है। कॉलोनी के कई हिस्सों में गंदा पानी जमा है। नाले का पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। पानी की निकासी नहीं होने और नालियों में गंदगी जमा रहने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
कई जगह पानी इतना ज्यादा जमा है कि लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। रहवासियों का कहना है कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी की नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। नालियों में गंदगी और कचरा जमा होने के कारण बारिश का पानी बाहर निकलने के बजाय कॉलोनी के अंदर ही जमा हो रहा है।
रहवासियों का कहना है कि जलभराव की समस्या नई नहीं है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बारिश के बाद हर बार कॉलोनी के कई हिस्सों में इसी तरह पानी जमा हो जाता है।
लोगों ने कहा- सिर्फ पानी हटाने से नहीं चलेगा काम
कॉलोनीवासियों का कहना है कि जमा पानी हटाने के साथ नालियों की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करना भी जरूरी है। उनका कहना है कि गंदा पानी लंबे समय तक जमा रहने से मच्छरों और संक्रमण फैलाने वाले कीटों का प्रकोप बढ़ सकता है।
रहवासियों ने हाउसिंग बोर्ड के जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल नालियों की सफाई और जमा पानी की निकासी कराने की मांग की है।