कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी है। 31 अगस्त को NH-30 पर वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, गांजे को कंटेनर ट्रक में बनाए गए एक सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने गांजे, कंटेनर और मोबाइल फोन समेत कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपए का माल जब्त किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
इधर, बस्तर में भी 21 लाख का गांजा पकड़ा गया है। दो मामलों में 56 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक आरोपी ओडिशा से स्कूटी में गांजा ला रहा था, जबकि दूसरे ने इसे जमीन के अंदर छिपाकर रखा था।
चिल्फी थाना के सामने पुलिस ने रोका कंटेनर
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को चिल्फी थाना के सामने NH-30 मेन रोड पर वाहनों की जांच और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने कंटेनर को रोककर वाहन में सवार शख्स से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम बलजीत सिंह, पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब बताया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कंटेनर ट्रक की तलाशी शुरू की। पुलिस टीम ने कंटेनर रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम बलजीत सिंह निवासी चाटीपिंड गांव अमृतसर का बताया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने कंटेनर ट्रक की तलाशी ली।
ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था सीक्रेट चेंबर
तलाशी के दौरान पुलिस को कंटेनर के अंदर ड्राइवर सीट के ऊपर एक सीक्रेट चेंबर मिला। पुलिस के मुताबिक, इसी चेंबर में खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा मिला। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम निकली।
पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कंटेनर के सामान्य हिस्से में नहीं, बल्कि विशेष रूप से बनाए गए चेंबर में छिपाकर रखा गया था।