मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में योगाभ्यास किया। इस दौरान उनके साथ मंत्रियों सहित सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योग किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की हजारों सालों पुरानी परंपरा और जीवन पद्धति है, जिसकी शुरुआत हमारे ऋषि-मुनियों ने की थी।
सीएम ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ, अनुशासित और सजग बनाने के उद्देश्य से योग को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। जो लोग किसी कारणवश अब तक योग को अपने जीवन का हिस्सा नहीं बना सके हैं, वे आज से ही इसकी शुरुआत करें।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर सीएम ने कहा कि राहुल जहां जाते हैं, हश्र सब जानते हैं। राज्यपाल रामेन डेका ने रायपुर और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने राजनांदगाव में योग किया। डॉ रमन ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।
योगाभ्यास के साथ युवा खिलाड़ियों ने मल्लखंभ और पिरामिड योग का आकर्षक प्रदर्शन किया। वहीं साजा से भाजपा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम में नाराज हो गए। दरअसल, पोस्टर पर उनकी फोटो नहीं लगाई गई। इसलिए उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
अंबिकापुर में CM बोले- स्वस्थ समाज के निर्माण में योग जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज और स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया, ताकि वे स्वस्थ और निरोग जीवन जी सकें।
आरोप लगाने वाले अपने गिरेबान में झांकें
योग दिवस के आयोजन के लिए पीजी कॉलेज मैदान में डोम निर्माण का ठेका चहेते ठेकेदार को देने के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के 5 सालों में कई घोटाले हुए और छत्तीसगढ़ को लूटने का काम किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसी वजह से कुछ लोग जेल में हैं, कुछ बेल पर हैं और कुछ जेल जाने की तैयारी में हैं।
सीएम बोले- राहुल गांधी जहां जाते हैं, हश्र सब जानते हैं
वहीं, कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम और राहुल गांधी के रायपुर दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना किसी भी राजनीतिक दल का आंतरिक विषय है और ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहते हैं।
उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, उसका हश्र सब जानते हैं।’
राजनांदगांव में रमन सिंह बोले- योग भारतीय संस्कृति की धरोहर
राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आयुष विभाग और जिला प्रशासन की ओर से ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जवानों, खिलाड़ियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योग करने से बीमारियों से बचाव होता है और व्यक्ति स्वस्थ,दीर्घायु जीवन जी सकता है।
योग के महत्व पर दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान योगाचार्यों ने योग के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है और शरीर व मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। योग बेहतर जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है।