
विरोध के चलते नगर पालिका के कचरा परिवहन में लगे वाहन डंपिंग ग्राउंड में ही खड़े कर दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर फैली गंदगी और खुले में कचरा डाले जाने को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
खुले में कचरे से परेशानी का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता मोहम्मद हुसैन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से खुले में कचरा डाला जा रहा है। उनका कहना है कि इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है। डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था सुधारने को लेकर लंबे समय से अधिकारियों का ध्यान दिलाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने का भी आरोप लगाया।
मंजूरी के बाद भी चारदीवारी का काम शुरू नहीं
मोहम्मद हुसैन के मुताबिक, कचरा स्थल पर चारदीवारी निर्माण की मंजूरी कई महीने पहले मिल चुकी है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। चारदीवारी नहीं होने से कचरा आसपास फैल रहा है और इलाके में गंदगी बनी हुई है।
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों ने कहा कि कचरा स्थल के आसपास रहने वाले लोगों और बच्चों को रोजाना परेशानी होती है। उन्होंने बदबू और संक्रमण के खतरे का भी हवाला दिया। लोगों ने कचरे के व्यवस्थित निपटान के साथ चारदीवारी का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की।
वैज्ञानिक तरीके से कचरा निपटाने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका से शहर की सफाई व्यवस्था को गंभीरता से लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा फेंकने के बजाय कचरे के वैज्ञानिक और व्यवस्थित निपटान की व्यवस्था की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए, ताकि डंपिंग ग्राउंड के आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी और कचरे से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।