छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की ओर से विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत सहायक ग्रेड-3 और प्रोसेस राइटर भर्ती परीक्षा 2026 रविवार को आयोजित की गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की ओर से विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत सहायक ग्रेड-3 और प्रोसेस राइटर भर्ती परीक्षा 2026 रविवार को आयोजित की गई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक हुई।

प्रदेशभर में करीब 10,700 अभ्यर्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। इनमें लगभग 54% अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। रायपुर में परीक्षा के लिए समन्वयक केंद्र-25, शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया था।

यहां कुल 18 परीक्षा केंद्रों पर 6032 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 3083 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2949 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। रायपुर के इन केंद्रों पर कुल उपस्थिति करीब 51.1% रही।

रायपुर के परीक्षा केंद्रों में सबसे ज्यादा 205 अभ्यर्थी केंद्र क्रमांक 2503 पर उपस्थित हुए। इसके बाद केंद्र 2508 में 196, केंद्र 2510 में 198 और केंद्र 2514 में 194 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

वहीं केंद्र क्रमांक 2501 में 143 और केंद्र 2511 में 125 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। रायपुर में कुछ केंद्रों पर 300, 272 और 240 अभ्यर्थियों की क्षमता रखी गई थी, जबकि ज्यादातर केंद्रों पर 360 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी।

64 पदों के लिए हुई संयुक्त भर्ती परीक्षा

यह परीक्षा विधि एवं विधायी कार्य विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत सहायक ग्रेड-3 और प्रोसेस राइटर के कुल 64 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-4 के वेतनमान पर नियुक्ति दी जाएगी।

सहायक ग्रेड-3 और प्रोसेस राइटर के पदों पर चयनित कर्मचारी विभागीय कार्यालयों में दस्तावेज तैयार करने, टाइपिंग, रिकॉर्ड रखने और दूसरे कार्यालयीन कामों में भूमिका निभाएंगे।

लिखित परीक्षा के बाद होगी कौशल परीक्षा

भर्ती प्रक्रिया केवल लिखित परीक्षा तक सीमित नहीं है। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण में कौशल परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। कौशल परीक्षा में हिंदी टाइपिंग की जांच होगी।

इसके लिए करीब 15 मिनट की हिंदी टाइपिंग परीक्षा होगी, जिसमें अभ्यर्थियों को 250 शब्द टाइप करने होंगे। इसमें कम से कम 75% शब्द सही टाइप करना जरूरी होगा।

टाइपिंग परीक्षा क्वालिफाइंग नेचर की होगी यानी इसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य अभ्यर्थी की टाइपिंग क्षमता की पात्रता जांचना होगा।

नौकरी के साथ वेतन वृद्धि और दूसरे लाभ भी

चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-4 के वेतनमान के साथ नियमानुसार समय-समय पर वेतन वृद्धि मिलेगी। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, चिकित्सा सुविधा, अवकाश और पदोन्नति जैसे सरकारी सेवा के लाभ भी मिलेंगे।

Exit mobile version