राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में बच्चों को डराने-धमकाने और उन्हें अपने झांसे में लेकर घर से आभूषण मंगाने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में बच्चों को डराने-धमकाने और उन्हें अपने झांसे में लेकर घर से आभूषण मंगाने का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी 11 साल की भांजी रूपल साहू से सोने के झुमके और चेन लिए जाने का आरोप वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू पर लगाया है। शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

4 सितंबर को थाने में शिकायत

पुलिस के मुताबिक, गुढ़ियारी निवासी सोनम साहू ने 4 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 11 वर्षीय भांजी के पास घर में रखे सोने के झुमके और चेन थे। आरोप है कि वंदना साहू ने बच्ची को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर ये आभूषण अपने पास मंगवा लिए।

शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को भी बच्ची पर उसकी नानी पार्वती साहू का रानी हार लाने के लिए दबाव बनाया गया। आरोप है कि महिला के कहने पर बच्ची ने घर से रानी हार निकाल लिया और उसे देने जा रही थी। इसी दौरान परिवार को इसकी जानकारी हो गई, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया।

13 साल की बच्ची से मंगलसूत्र लेने का आरोप

शिकायत में एक अन्य मामले का भी जिक्र है। इसमें आरोप लगाया गया है कि वंदना साहू ने 13 वर्षीय एक अन्य बच्ची को भी अपने प्रभाव में लिया। शिकायत के मुताबिक, बच्ची के जरिए उसकी मां का मंगलसूत्र भी मंगवाने का आरोप है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बच्चों को बातों में फंसाकर उनसे घर से आभूषण और नकदी मंगवाई जाती थी। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कितने बच्चे इस तरह प्रभावित हुए और उनसे कितने आभूषण या अन्य सामान लिए गए।

पति पर चोरी का तरीका बताने का आरोप

वंदना साहू के पति दीपक साहू पर भी बच्चों को चोरी करने का तरीका बताने और इस गतिविधि में सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

Exit mobile version