पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा

Chhattisgarh Crimesपूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है। पंजाब में भी गुटबाजी हुई। इस पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा वाले ‘काले अंग्रेज’ हैं।

भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने अंग्रेजों से ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति सीखी है। वे समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुसलमान के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश करती है। इसी तरह आदिवासी समाज को भी अलग-अलग पहचान के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रभार बदले जाने पर उन्होंने कहा कि ‘क्या भाजपा में प्रभारी नहीं बदले जाते? हंटर वाली से लेकर हाफ पैंट-चड्ढी वाले तक प्रभारी बने।’ दरअसल, दुर्ग में कांग्रेस का 3 दिवसीय संगठन प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इस दौरान भूपेश बघेल ने ये बातें कहीं।

इसके अलावा पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नाथूराम गोडसे को मानने वाली और अंग्रेजों से माफी मांगने वाली पार्टी है। अंग्रेज ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाते थे और भाजपा भी इसी नीति पर काम कर रही है। कांग्रेस का काम देश को जोड़ना है।

सीएम साय बोले- अंग्रेजों की तरह नीति अपनाती है कांग्रेस

भूपेश बघेल का प्रभार बदले जाने पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की नीति पर चलती है। अंग्रेज ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाते थे, कांग्रेस के लोग भी जहां जाते हैं, गुटबाजी करते हैं।

भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी थे, वहां उनका विरोध हुआ, गो बैक के नारे लगाए गए। इसी का नतीजा रहा कि उन्हें पंजाब से हटाया गया।

भूपेश बोले- भाजपा ने ‘फूट डालो और राज करो’ नीति अंग्रेजों से सीखी

भूपेश बघेल ने सीएम साय के बयान पर जवाब देते हुए कहा है कि भाजपा के पास कुछ बचा नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं के लिए काले अंग्रेज शब्द का इस्तेमाल किया और कहा कि फूट डालो और राज करो की नीति भाजपा ने अंग्रेजों से सीखी है।

Exit mobile version