
घटना की सूचना के बाद सुकमा कोतवाली पुलिस ने आरोपी बामन कुहरामी (37) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की धारदार टंगिया भी बरामद की गई है।
झगड़ा करने से रोकने पर भड़का भाई
पुलिस के मुताबिक, घटना 6 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। गुड्डी कुहरामी की मां ने उसे बताया कि उसका बड़ा भाई बामन घर में विवाद कर रहा है। गुड्डी मौके पर पहुंचा और बड़े भाई को झगड़ा करने से मना किया।
आरोप है कि इसी बात पर बामन गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करते हुए गुड्डी को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह घर के अंदर गया और धारदार टंगिया लेकर बाहर आया। उसने गुड्डी के सिर पर वार कर दिया।
बीच-बचाव कर परिजनों ने बचाया
हमले में गुड्डी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून निकलने लगा। माता-पिता ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वैज्ञानिक अधिकारी FSL की मौजूदगी में घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की।
आरोपी के घर से टंगिया बरामद
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बामन कुहरामी को पकड़ा। पूछताछ में उसके द्वारा घटना करना स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। उसकी निशानदेही पर घर से घटना में इस्तेमाल लोहे की धारदार टंगिया बरामद की गई।
मामले में अपराध क्रमांक 72/2026 दर्ज कर BNS की धारा 296, 109 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी बामन कुहरामी, पिता स्वर्गीय जोगा, निवासी वार्ड क्रमांक 2 सोड़ीपारा को 7 सितंबर को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट सुकमा में पेश किया। न्यायालय से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।