छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने वाले इंटर-स्टेट गिरोह के 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं। उन्होंने पहले शहर में किराए का मकान लिया और रेकी करने के बाद सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दिया। गिरोह के 3 सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहर में पिछले कुछ दिनों से एक बाइकर्स गैंग सक्रिय था, जो सुबह के समय अकेली महिलाओं को देखकर चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। गिरोह ने एक के बाद एक तीन वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं था। आरोपी अलग-अलग राज्यों में जाकर स्थानीय सहयोगियों की मदद से ठहरते थे। वहां भी महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग और लूट करते थे।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, 6 आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक बिना नंबर की संदिग्ध स्कूटी दिखाई दी। इसी बीच सिरगिट्टी क्षेत्र में एक महिला से मारपीट कर चेन लूटने की घटना भी सामने आई।
इससे पहले तोरवा क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात हुई थी। दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की गतिविधियों का मिलान करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि मिली। जांच में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी कर वारदात को अंजाम देता था गिरोह
जांच में पता चला कि गिरोह खासकर रूप से उन महिलाओं को निशाना बनाता था, जो सुबह टहलने निकलती थीं, घर के बाहर सफाई करती थीं या अकेली रहती थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों का तरीका बेहद सुनियोजित था।
वे पहले इलाके की रेकी करते, फिर महिलाओं की दिनचर्या और आवाजाही पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही बिना नंबर की स्कूटी से पहुंचकर झपट्टा मारते और कुछ ही सेकंड में फरार हो जाते थे।
स्थानीय युवक बना गिरोह का मददगार
जांच के दौरान पुलिस गणेश नगर, सिरगिट्टी निवासी नवीन साहू तक पहुंची। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने अपने ओडिशा निवासी साथियों को बिलासपुर बुलाया था। वह आरोपियों को अपने घर में ठहराने के साथ स्थानीय स्तर पर उनकी मदद भी कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।