
शनिवार को भूमि पूजन के लिए डिप्टी CM अरुण साव पहुंचे तो कॉलोनी के रहवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं और अन्य रहवासियों ने कॉलोनी के मुख्य गेट पर डिप्टी CM का काफिला रोक दिया। इसके बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा हुआ।
रात में मिली सर्किट हाउस बनाने की जानकारी
रहवासियों का कहना था कि उन्हें कॉलोनी के भीतर सर्किट हाउस बनाए जाने की जानकारी कार्यक्रम से ठीक एक रात पहले मिली। उनका आरोप है कि अधिकांश कॉलोनीवासियों से सहमति लिए बिना निर्माण का फैसला लिया गया।
प्राइवेसी और सुरक्षा पर पड़ेगा असर
रहवासियों ने डिप्टी CM के सामने आपत्ति जताते हुए कहा कि पॉश रिहायशी कॉलोनी के बीच सरकारी रेस्ट हाउस बनने से उनकी प्राइवेसी और सुरक्षा प्रभावित होगी। साथ ही कॉलोनी में सामान्य आवागमन पर भी असर पड़ने की बात कही।
SDM-तहसीलदार के बाद कलेक्टर भी पहुंचे
विरोध की सूचना मिलने पर SDM और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। बाद में कलेक्टर संजय अग्रवाल भी वहां पहुंचे और रहवासियों को समझाने की कोशिश की। हालांकि, लोग अपनी आपत्ति पर अड़े रहे।
विरोध के बीच कराया गया भूमि पूजन
प्रशासन ने रहवासियों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद विरोध के बीच सर्किट हाउस का भूमि पूजन कराया गया। मौके पर पुलिस अफसर और जवान भी मौजूद रहे।