
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मोदी का सार्वजनिक जीवन हमारे लिए प्रेरणादायी है। वे राष्ट्र निर्माण में प्रतिबद्धता और प्रामाणिकता के साथ जुटे हैं। साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान उन परिवारों के प्रति धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है। विद्यार्थियों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। 18 और 19 सितंबर को ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम होगा। 18 सितंबर को ड्राइंग तथा 19 सितंबर को प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है। इसके अलावा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं से आए बदलाव की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।
बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का होगा प्रयास
अभियान में ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्वीकृति-पत्र देने, राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण का प्रयास होगा।
सेवा मेरा योगदान और सेवा के रंग जैसे वृहद कार्यक्रम होंगे
23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों और संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां होंगी।
राजनीति, प्रशासन और सामाजिक जुड़ाव का मास्टर प्लान
- राजनीतिक एवं सांगठनिक मजबूती: छात्रों और लाभार्थियों (किसान, आवास, उज्ज्वला) तक पहुंच बनाकर पार्टी अपने कैडर को सक्रिय कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य ‘सेवा और सुशासन’ का सकारात्मक नैरेटिव स्थापित करना है।
- प्रशासनिक जवाबदेही: ‘सेवा सेतु- सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से पेंडिंग राजस्व मामलों और योजनाओं की ऑन-द-स्पॉट स्वीकृति से अंतिम छोर तक सेवा वितरण मजबूत होगा।
- बस्तर की नई छवि: ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से बस्तर में शांति बहाली, विकास और सुरक्षा के मॉडल के रूप में देश के सामने पेश करना। {जनभागीदारी: दीप प्रज्वलन, रंगोली और जल संरक्षण जैसे अभियानों के जरिए इसे राजनीतिक आयोजन के बजाय एक सामाजिक उत्सव का रूप देना।