बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नशेबाजों की शिकायत करना एक युवक के परिवार को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज युवक ने बदला लेने के लिए शिकायतकर्ता के पिता और एक सिक्योरिटी गार्ड पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सिक्योरिटी गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जूनीलाइन निवासी आदित्य रजक के पिता राजेंद्र रजक सदर बाजार के करोना चौक स्थित राकेश ज्वेलर्स में सिक्योरिटी गार्ड हैं। मोहल्ले में रहने वाला सत्येंद्र यादव अपने दोस्तों को बुलाकर आए दिन गांजा पीता था। आदित्य ने इसका विरोध किया और इसकी शिकायत थाने में भी की थी।
शिकायत से नाराज युवक ने किया हमला
इसी बात को लेकर सत्येंद्र आदित्य से नाराज था। वह बदला लेने के लिए आदित्य के घर के पास पहुंचा, लेकिन दोनों नहीं मिले। इसके बाद वह सीधे ज्वेलर्स की दुकान पहुंच गया। आरोपी दुकान के अंदर घुसा और ड्यूटी पर मौजूद राजेंद्र पर चापड़ से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया।
अस्पताल में भर्ती, हमलावर गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर आदित्य दुकान पहुंचा। इसी दौरान सत्येंद्र ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। घायल राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
फिलहाल, सिम्स में उनका इलाज जारी है। इधर, वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी सत्येंद्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, गणेश पंडाल के बाद बच्ची और पिता से मारपीट
तेलीपारा स्थित वृंदावन परिसर के नवेल्टी स्टोर में गणेश डेकोरेशन का सामान लेने पहुंची बच्ची और उसके पिता से मारपीट का मामला सामने आया है। सामान के रेट को लेकर सवाल पूछने पर दुकान की युवती का पहले पिता से विवाद हुआ।
बेटी ने युवती से चिल्लाकर बात करने से मना किया तो उसने उसका हाथ पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बेटी को बचाने पहुंचे पिता से भी युवती ने अपने साथियों को बुलाकर मारपीट की। घटना में पिता-बेटी दोनों को चोटें आई हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद पंचायत कोटा में कार्यक्रम अधिकारी हैं पिता
अशोक नगर सरकंडा निवासी विकास जायसवाल जनपद पंचायत कोटा में कार्यक्रम अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। वे 13 सितंबर को अपनी बेटी प्रतीज्ञा जायसवाल के साथ गणेश डेकोरेशन का सामान खरीदने तेलीपारा स्थित नवेल्टी स्टोर पहुंचे थे।
सामान पसंद करते समय दुकान की ओर से उन्हें अलग-अलग सामान के रेट बताए गए। बिल बनवाते समय काउंटर पर उन्हीं सामानों के अलग रेट बताए गए। विकास ने रेट में अंतर को लेकर सवाल किया तो अंजू चौहान नाम की युवती ने यह कहते हुए विवाद शुरू कर दिया कि उसे बदनाम किया जा रहा है।
बेटी ने चिल्लाने से मना किया तो पकड़ लिया हाथ
विकास की बेटी प्रतीज्ञा ने चिल्लाकर बात करने से मना किया। इस पर दुकानकर्मी युवती ने उसका हाथ पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। बेटी को बचाने विकास बीच-बचाव करने लगे तो युवती ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
इसके बाद सभी ने मिलकर पिता-बेटी से मारपीट की। घटना के बाद विकास सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।