
मामला कसडोल थाना क्षेत्र के खरवे गांव का है। शनिवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने एक कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला और जांच के लिए सैंपल लिए। पीड़ित परिवारों की शिकायत के आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ग्रामीणों से पूछताछ कर अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि आरोपी रामसाय जायसवाल जमीन में गड़े कथित खजाने (हंडा) को पाने के लिए लोगों की बलि दे रहा था। हालांकि, इस तरह की बातों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक 14 मई को मेहतरू साहू (40) की संदिग्ध मौत हो गई, जिसके बाद रिश्तेदारों ने शव दफना दिया था। इस बीच शराब पीने से एक ग्रामीण की तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उसकी तबीयत ठीक हो गई।
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे थे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि फरवरी 2026 से लेकर 14 मई तक गांव के रामसाय जायसवाल ने कई लोगों को शराब पिलाई थी। इसके बाद एक-एक कर 8 लोगों की मौत हो गई।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए
इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम शनिवार को महेतरू की कब्र तक पहुंची। इसके बाद मशीन की मदद से कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया।