बलौदाबाजार के हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के माइंस क्रेशर में मंगलवार शाम करीब 5 बजे हादसे में श्रमिक मनोज साहू (37) की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार के हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के माइंस क्रेशर में मंगलवार शाम करीब 5 बजे हादसे में श्रमिक मनोज साहू (37) की मौत हो गई। मनोज सकलोर का रहने वाला था और कंपनी में क्रेशर अटेंडर के पद पर काम करता था। हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिवार के बीच बातचीत हुई। इसमें परिवार को 46 लाख रुपए मुआवजा देने और एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है।

जानकारी के अनुसार, मनोज काम के दौरान कन्वेयर बेल्ट की जांच कर रहा था। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया। घटना के बाद उसे तुरंत रामपुर स्थित नारायणन अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनोज की मौत कंपनी परिसर में ही हो गई थी।

कंपनी गेट के बाहर जुटे ग्रामीण

हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक लोग कंपनी गेट के बाहर जमा हो गए। सुहेला थाना प्रभारी प्रमोद सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिवार के बीच बातचीत शुरू हुई।

46 लाख और नौकरी पर बनी सहमति

बातचीत के बाद परिवार को 46 लाख रुपए मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी। वहीं, श्रमिकों और ग्रामीणों ने कंपनी में सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है।

उनका कहना है कि काम के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।