मरवाही में रविवार को एक युवक अज्ञात धातु की वस्तु को तोड़ने के प्रयास में हुए विस्फोट से गंभीर रूप से घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesमरवाही में रविवार को एक युवक अज्ञात धातु की वस्तु को तोड़ने के प्रयास में हुए विस्फोट से गंभीर रूप से घायल हो गया। 19 वर्षीय कृष्ण कुमार चंद्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह मामला मरवाही थाना क्षेत्र के दूर गांव टिकठी का है।

जानकारी के अनुसार, टिकठी निवासी कृष्ण कुमार चंद्रा (19 वर्ष) रविवार को गांव की गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक संदिग्ध धातु की वस्तु मिली।

कृष्ण कुमार जिज्ञासावश उस वस्तु को अपने घर की बाड़ी में ले आए। उसके अंदर क्या है, यह देखने के लिए उसने कुदाली से उसे तोड़ने की कोशिश की। तभी अचानक उस वस्तु में तेज धमाका हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। विस्फोट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया।

मरवाही में प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने कृष्ण कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है और प्रारंभिक जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात, संदिग्ध या विस्फोटक जैसी दिखने वाली वस्तु को हाथ न लगाएं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।